नैनीताल बैंक में साढ़े 16.95 करोड़ की ठगी

नैनीताल बैंक

नैनीताल बैंक में साढ़े 16.95 करोड़ की ठगी : साइबर पुलिस ने कमीशन पर अपना बैंक खाता देने वाले को किया गिरफ्तार, मिले थे पांच लाख भाजयुमो (BJYM) दादरी के अध्यक्ष रह चुके हर्ष ने सीए भाई से मिलकर की थी बैंक से धोखाधड़ी

नोएडा: नोएडा में नैनीताल बैंक का सर्वर हैक करके 16 करोड़ 95 लाख रुपये की हेराफेरी के मामले में साइबर थाने की पुलिस ने कुलदीप नामक एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसने पांच लाख रुपये कमीशन लेकर अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था। इस हेराफेरी का सूत्रधार हर्ष बंसल था, जो दादरी का भाजयुमो का नगर अध्यक्ष रहा था और उसने अपने चार्टर्ड अकाउंटेट भाई शुभम बंसल के साथ मिलकर बैंक को इतना भारी-भरकम चूना लगाया था।

कुलदीप ने पांच लाख कमीशन लेकर बेचा था अपना बैंक खाता

साइबर क्राइम की डीसीपी प्रीति यादव ने बताया कि पुलिस ने इस मामले की छानबीन के दौरान एक अन्य अभियुक्त का पता लगाया। जिसका नाम कुलदीप कुमार पुत्र गजेंद्र सिंह है। वह गाजियाबाद के थाना कविनगर क्षेत्र के पांडवनगर का रहने वाला है। साइबर थाना पुलिस ने कुलदीप कुमार को नोएडा से गिरफ्तार किया। इस पर आरोप है कि उसने पांच लाख रुपये लेकर अपना बैंक खाता मुख्य आरोपी को उपलब्ध कराया था। कुलदीप ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि जो राशि उसके खाते में ट्रांसफर की गई थी, इसमें से अन्य अभियुक्तों को भी पैसा दिया गया। यानी नैनीताल बैंक के धन की बंदरबाट की गई।

हर्ष बंसल का इस घटना का सूत्रधार

हर्ष बंसल ने अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट भाई के साथ मिलकर 10 जुलाई 2024 को नैनीताल बैंक का सर्वर हैक किया और बैंक RTGS(सर्विस ब्रांच नोएडा) के पूल अकाउंट से 16 करोड़ 95 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए थे। इस मामले में मुख्य आरोपी एवं दादरी भाजयुमो के अध्यक्ष हर्ष बंसल को 8 अगस्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हर्ष ने कुलदीप केबैंक खाते में एक करोड़ 97 लाख की राशि जमा कराई थी।

डीसीपी प्रीति यादव ने बताया कि इस मामले में अब तक चार करोड़ दस लाख रुपये की राशि फ्रीज कराई जा चुकी है। यानी बारह करोड़ रुपये से अधिक की राशि अब भी ऐसी है, जिसकी अब तक रिकवरी नहीं हो सकी है।

इसे भी पढ़े: फजीहत के बाद भाजपा ने थप्पड़बाज वकील और उनकी पत्नी को दिखाया बाहर का रास्ता

जानिये कैसे लगाया था बैंक को चूना

भाजयुमो अध्यक्ष हर्ष बंसल और उसका भाई सीए शुभम बंसल ने मिलकर बैंकों से 30 करोड़ रुपये से अधिक की ट्रांसजेक्शन की थी। यह दोनों भाई मिलकर ब्लैकमनी को को व्हाइट मनी करने के साथ ही बैंकों से भी धोखाधड़ी में माहिर थे। हर्ष और उसके भाई ने मिलकर नैनीताल बैंक के आरटीजीएस(रियल टाइम ग्रास सेटलमेंट) चैनल को हैक करके 16.95 करोड़ की चपत लगाई थी। इस घटना की रिपोर्ट जुलाई 2024 में साइबर थाने में दर्ज कराई गई थी। छानबीन के दौरान इस घटना की परतें खुलती चलीं गईं और पुलिस ने हर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया।

कर्ज में डूबा था हर्ष बंसल

बताया जाता है कि दादरी का भाजयुमो का अध्यक्ष रह चुका हर्ष कर्ज में डूबा हुआ था। और उसने कर्ज उतारने के लिए भाई और अन्य लोगों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। उसे छह लाख रुपये हिस्से के रूप में मिले थे। कहा जा रहा है कि हर्ष को पिछले साल पार्टी गतिविधियों में संलिप्तता के चलते पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था, लेकिन इसकी कोई अधिकृत सूचना नहीं है। जानकारों का कहना है कि इस वर्ष हुए लोकसभा चुनावों में वह काफी सक्रिय रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *